सोमेश्वरनाथ महादेव जी के भक्त, चाहे बाबा से कितनी भी दूरी पर क्यों नहीं हो, सच्चे हृदय और पूर्ण मनोयोग से स्मरण करते ही, बाबा दौड़-दौड़कर अपने भक्तजनों की मदद में सदैव तैयार रहते हैं। इसी तरह की एक घटना सन उन्नीस सौ पच्चीस में घटी थी। चुनाव अपने परवान पर था। कार्यकर्ता अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में एड़ी-चोटी का पसीना एक किये हुए थे। राजनीतिक दल के उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत को सुनिश्चित बता रहे थे। न दिन में चैन थी, न रात में नींद। सबके जीवन का एक ही उद्देश्य था “अभी नहीं तो कभी नहीं।” इसके एवज में पैसे पानी की तरह बहाये जा रहे थे। रात में लोगों को सोना दुःस्वार हो गया था। कभी-कभी तो पार्टी कार्यकर्ताओं में ऐसी ठनती थी कि लोग किंकर्तव्यविमूढ़ हो जाते थे। एक-एक दिन को टालना मुश्किल था। फिर भी चुनाव-प्रचार में कोई कमी नहीं थी।
राजाराम के जीवन को यह आखिरी लड़ाई थी। अबकी बार मुँह की खा जाने के बाद वे लड़ाई से संन्यास ही लेने वाले थे। पैतृक सम्पत्ति का अधिकांश हिस्सा वे चुनाव लड़ने में गंवा चुके थे, शेष पर हाथ साफ कर रहे थे। इस बीच नेताजी अपने दल के नामचीन एक दबंग नेता के चुनाव प्रचार के लिए अरेराज हाई स्कूल के मैदान में आये। लोगों की भीड़ देखकर वे भीतर से गद्गद हो गये। नेताजी बड़े मृदुभाषी व बात परोसने में माहिर थे। उन्होंने यह बात सुन रखी थी कि अरेराज के बाबा सोमेश्वरनाथ बड़े कृपालु व दयालु हैं। अतः सभा समाप्त होने पश्चात नेता राजाराम जी सीधे महादेव जी के दरबार में पहुँचे। बड़ी तन्मयता से उन्होंने बाबा सोमेश्वरनाथ की पूजा-अर्चना की, और अपने लिए प्रसाद के रूप में विनय की याचना की।
गर्भगृह से बाहर निकलते समय किसी याचक के नेता जी के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद स्वरूप कुछ दक्षिणा पाने की लालसा से कहा “जाइए बाबा आपकी मनोकामना पूर्ण करेंगे,” साथ ही चंदन-टीका लगाकर नेता जी पीठ थपथपायी। नेता जी भीतर से गद्गद हो गये। उनका पूरा शरीर रोमांच हो गया। याचकों के बीच नेताजी खूब रुपये-पैसे की वर्षा किए व खुशी मन प्रस्थान कर गये।
भगवान ने उनकी अर्जी स्वीकार कर ली। उनके बन्द भाग्य का ताला खुला गया। नेताजी इमलीचक बहेरड़ी से भारी मतों के साथ विजयी हुए। जगह-जगह लोगों ने उन्हें लड्डू व सेव से तौलकर अपने खुशी का इजहार किया। आज के दिन भगवान महादेव जी की उनपर कैसी कृपा कि वे अपने क्षेत्र से हैट्रिक मारने का सौभाग्य प्राप्त कर चुके हैं। नेता जी आज के समय प्रतिवर्ष आकर बाबा सोमेश्वरनाथ का रात्रि शृंगार करना नहीं भूलते।
हर हर महादेव! बाबा सोमेश्वरनाथ की जय!!