ॐ नमः शिवाय

सोमेश्वर चालीसा

श्री सोमेश्वर नाथ महादेव

॥ श्री सोमेश्वर चालीसा ॥

श्री सोमेश्वर सोम भाल पर।
उमा संग शिव मृगछाल पर॥
लटा-जटा में गंग समाये।
सर्पमाल तन भस्म लगाये॥

कर में डमरू त्रिशूलधारी।
भव्य त्रिपुंड नयन सुखकारी॥
कानन-कुंडल की छवि न्यारी।
मगन होत सब रूप निहारी॥

आगे नन्दी राजीव लोचन।
गोद गणेश लिए भवमोचन॥
श्री सोमेश्वर जय सुखकंदा।
वरदहस्त शिव अति आनंदा॥

जो निज उर छवि धरे-सुजाना।
तापर कृपा करहिं भगवाना॥
पुत्र प्राप्ति सुख-सम्पत्ति नाना।
देत मुदित मन कृपानिधाना॥

जय सोमेश्वर जय परमेश्वर।
नमो-नमो जय हे अखिलेश्वर॥
तुमहीं दाता, तुमहीं भिखारी।
धन्य हो तुम भोला भंडारी॥

तेरी महिमा जग में न्यारी।
मह-मह करे, ज्यों केशर क्यारी॥
तुम बिन कौन करे-जग पारा।
नाम तुम्हारो विदित संसारा॥

त्रिविध ताप हर्ता त्रिपुरारी।
शिव समान नहीं पर उपकारी॥
सकल-सुमंगल के हर दाता।
त्रैलोकी भये जग विख्याता॥

सुख-शान्ति, ऐश्वर्य के दाता।
छप्पर फाड़ के देत विधाता॥
कनक सिंहासन पल में देते।
दुःख दारिद्र क्षणहिं हर लेते॥

लेन-देन व्यापार दोगुना।
बढ़ जाये साहस चौगुना॥
जो नर मन से शिव को ध्यावे।
सकल मनोरथ का फल पावे॥

श्री सोमेश्वर दीनदयाला।
सचर-अचर सबके प्रतिपाला॥
जहाँ-जहाँ शिव करहिं निवासा।
माँ अन्नपूर्णा के तहँ वासा॥

मातु-पिता, बन्धु-सुत दारा।
छुटतहिं सकल कुटुम्ब परिवार॥
शिव महिमा कलिकाल जो गावै।
नरयोनि पुनि पुनि वह पावे॥

ॐ नमः शिवाय जपहि जो प्राणी।
सुर-असुर, ऋषि-मुनि, नर ज्ञानी॥
अंध-गूंगा, बधिर अरु काना।
सबकर शिव करहिं कल्याना॥

श्री सोमेश्वर औढ़रदानी।
पूजे शिव जो संग भवानी॥
सो नर पावे मंच विशाला।
खुलहिं बन्द भाग्य के ताला॥

बेलपत्र, अक्षत, फूल चन्दन।
भांग-धतूरा अरु गंगाजल॥
हर-हर करिके जो नहलावे।
बम-बम करि नैवेद्य चढ़ावे॥

जे नर शिव पूजहिं करजोरी।
सिर नवाय करे विनय बहोरी॥
सकल पाप क्षय ताको होई।
जलाभिषेक करे जो कोई॥

हे मृत्युंजय, हे देवपाल।
कालों के हो तुम महाकाल॥
अल्पमृत्यु भय नहीं सतावें।
रुद्राभिषेक जो करे-करावें॥

श्री सोमेश्वर एक आधार।
पूजे नर भव उतरहिं पारा॥
कहहीं भक्त मिलि शिव अनुपा।
सो नर नाहीं गिरहिं भवकूपा॥

तीस दिवस नित्य पाठ जो करहीं।
उमा सहित शिव छवि उर धरहीं॥
अंतहिं दिवस स्वप्न में बुलावें।
कोढ़ी-अपंग, दरिद्र खिलावें॥

ता घर नाहिं रहे बुद्धिहीना।
लक्ष्मीवास करहिं सब दिना॥
वंश बढ़े, सुत रवि समाना।
ऊँच पद पावे चतुर सुजाना॥

श्री सोमेश्वर का इतिहासा।
जय गोविन्द कर करहिं प्रकाशा॥
चालीसा यह पढ़े जो संता।
तापर खुश रहहिं भगवंता॥

दोहा

हे दुःखहर्ता, मंगलकर्ता, श्री सोमेश्वर नाथ।
नमन करूँ सिर नाय के, जोरी युगल पुनि हाथ॥