राम का वनगमन व गुरुमुख से गंगा की कहानी
हुआ यह कि जब महाप्रभु श्री राम वन गमन की यात्रा पर निकल पड़े, तो अयोध्या की सारी प्रजा उनके पीछे-पीछे चल पड़ी। भगवान के लाख समझाने पर भी कोई पीछे लौटने को तैयार नहीं हुआ। फलतः प्रथम दिन संध्या काल में प्रभु प्रजावासियों के साथ तमसा नदी के किनारे पहुँच गये। सभी थके थे, सो प्रभु की माया से गाढ़ी निद्रा में सो गये। दोपहर रात्रि बीत जाने पर भी राम प्रेमपूर्वक सुमन्त जी को जगाये और बोले—“सुमन्त जी अब बिना विलम्ब किये रथ को तेजी से दौड़ाइए।” सुमन्त जी शीघ्रता के साथ रथ को हाँककर श्रृंगवेरपुर गंगा के तट पर पहुँच गये। इधर सारी प्रजा निराश होकर अयोध्या को लौट पड़ी।
दूसरे दिन श्रृंगवेर गंगा के तट पर रात्रि विश्राम के समय प्रभु श्री राम अपने गुरु वशिष्ठ से बोले—“गुरुदेव! यह कौन सी नदी है? कहाँ से आई है? और कैसे आई है? इस सम्बन्ध में मुझे कुछ बतलाया जाय।” श्री राम के मुख से ऐसे प्रश्नों को सुनकर गुरुदेव बड़े प्रसन्न हुए, और पूर्ण मनोयोग से गंगा अवतरण की कथा सुनाने लगे। गुरुदेव बोले—“यह कथा बड़ी पुण्यदायिनी है। आनन्द मंगल की मूल और समस्त शूलों का हरण करने वाली है। इस कथा को भक्तिपूर्वक सुनने से पुत्र-पौत्र, धन-धान्य व यश-कीर्ति की प्राप्ति होती है। भारत की सभी नदियों में गंगा श्रेष्ठ नदी है। तुम्हारे ही पूर्वजों ने इसे स्वर्ग से उतारकर भुलोक में लाया है।”
गुरु वशिष्ठ जी बोले—“पुरानी अयोध्या में अर्थात सतयुग में राजा सगर नाम के एक प्रतापी राजा थे। उनको दो रानियाँ थीं। एक का नाम केशिनी तथा दूसरी का नाम सुमति था। दोनों राजघराने की सुन्दर कन्याएँ थीं। राजा सगर चौथेपन में प्रवेश कर गये, किन्तु पुत्रहीनता के कारण वे हमेशा उदास रहते थे। इधर रानियों का भी वही हाल था। निःसंतान होने के कारण राजा सगर सदैव दुःखी रहते थे। चंचलता की जगह राजा के चेहरे पर उदासी की साफ झलक दिखाई पड़ती थी। अतः एक दिन राजा पुत्र प्राप्ति की इच्छा को लेकर हिमालय की कन्दराओं में चले गये। वहाँ उन्होंने भृगु ऋषि की दारुण तपस्या की। कालान्तर में महर्षि प्रसन्न हुए, और बोले—“नरश्रेष्ठ तुम्हें बहुत से पुत्रों की प्राप्ति होगी, और उन्हें अतुल कृति भी मिलेगी। लेकिन राजन सुनो—रानी केशिनी से केवल एक पुत्र जन्म लेगा, जबकि सुमति से साठ हजार पुत्र पैदा होंगे।”
समयानुसार केशिनी से केवल एक पुत्र पैदा हुआ। राजा ने उसका नाम अंशुमान रखा। इधर सुमति से साठ हजार बालक जीवद्रव के रूप में एक तुम्बे से बाहर निकले। दासियों ने उन बालकों का लालन-पालन किया। यह सब देखकर राजा सगर को बड़ी प्रसन्नता हुई। बालकों को देखकर उनका मन बाँसों उछलने लगा। धीरे-धीरे सभी बालक किशोरावस्था से युवावस्था को प्राप्त कर गये। केशिनी का अंशुमान जहाँ—विवेकशील, धर्मात्मा, परोपकारी व सज्जन स्वभाव का लड़का था वहीं सुमति के साठ हजार लड़के उद्दण्ड, दुराचारी व राक्षसी प्रवृत्ति के निकले। अपने बच्चों के पराक्रम को देखकर राजा-सगर ने यज्ञ करने की ठानी। यज्ञीय घोड़ा को किसी ने चुरा लिया है तो वे अपने साठ हजार पुत्रों को घोड़े का पता लगाकर चुरानेवाले को साथ लाने का आदेश दिया।
बच्चे यज्ञीय अश्व की तलाश में निकल पड़े। जिधर भी जाते, हाहाकार मच जाता, किन्तु कहीं घोड़ा का पता नहीं था। अंत में वे खोजते-खोजते वहाँ पहुँच गये, जहाँ कपिल ऋषि अपनी तपस्या में लीन थे, और घोड़ा घास चर रहा था। घोड़े को देखकर राजा सगर के साठ हजार पुत्र टिड्डीदल की तरह ऋषि को मारने के लिए टूट पड़े। मारो! काटो!! इसी दुष्ट ने यज्ञ का अश्व चुराया है। इतना सुनते ही महर्षि कपिल ने अपने योगबल से राजा सगर के सभी साठ हजार पुत्रों को भस्म कर डाला जिससे वहाँ हड्डियों की ढेर सी लग गयी।
राजा सगर को साठ हजार पुत्र जब नहीं लौटे, तो राजा ने अपने एकलौते पुत्र अंशुमान को पता लगाने को भेजा। साथ ही यह भी कहा कि बेटा! “तुम बुद्धिमान और पराक्रमी हो। अतः जाओ।” और देखें तो तुम्हारे भ्राता कहाँ हैं? पिता की आज्ञा पाकर अंशुमान अपने भाइयों और यज्ञीय अश्व का पता लगाने निकल पड़ा। अंत में खोजते-खोजते वह वहीं पहुँचा, जहाँ कपिल मुनि के आश्रम के पास हड्डियों का पुंज लगा था। अंशुमान यह सब देखकर रोने लगा। उसे अपने भाइयों के कुकृत्य पर पछतावा हो रहा था। वह अपने पिता को क्या जाकर कहेगा, समझ नहीं पा रहा था। यह सोचकर वह विलाप करने लगा। उसके करुण क्रन्दन को सुनकर उसी समय आकाशमार्ग से गरुड़ जी उपस्थित हुए, और शोकातुर अंशुमान को इसके भाइयों के उद्धार की कथा सुनाने लगे, और तरण की मुक्ति बताई। गरुड़ जी बोले—हिमालय की ज्येष्ठ पुत्री गंगा के जल में ही तुम्हारे भाइयों का तारण होगा। अतः ऐसा कोई उपाय करो जिससे गंगा का अवतरण इस पृथ्वी पर हो जाय। अंशुमान यज्ञीय अश्व को लेकर अपने पिता के पास लौट आया। अपने पिता को सारा वृत्तान्त सुनाकर अपने पुत्र राजा दिलीप को राजगद्दी सौंपकर सदा-सदा के लिए स्वर्ग सिधार गये।
इधर राजा दिलीप गंगा को स्वर्ग से उतारने के लिए भरपूर तपस्या की, किन्तु वे सफल नहीं हुए। अन्ततः वे अपने प्रियपुत्र भगीरथ को राजसिंहासन पर बैठाकर स्वर्ग को प्रस्थान कर गये। इक्ष्वाकु वंश के कुलरक्षक व राजा सगर के प्रपौत्र भगीरथ ने गंगा को स्वर्ग से उतारने के लिए दारुण तपस्या की। एक पैर पर खड़े होकर वृक्ष की पत्तियों को जीवनाधार बनाकर वर्षों तक माँ गंगा की तपस्या में लीन रहे। राजा भगीरथ की श्रद्धा-भक्ति व पितरों की तारण की कामना को देखकर गंगा प्रसन्न हो गयीं, और बोलीं—मैं तुम्हारी तपस्या से प्रसन्न हूँ, बोलो “क्या मांगते हो? तेज मंगलमय हो।”
राजा भगीरथ बोले—“माँ यदि आप मुझपर प्रसन्न हैं तो ऐसा कीजिए, जिससे मेरे पितरों का तारण हो जाय।” माँ पुनः बोली—यह विचार तो बड़ा उत्तम है, किन्तु मैं जब स्वर्ग से उतरूँगी, तो मेरी अलधारा इतनी वेगवती होगी जिससे मुझसे नहीं होगा। इसी समय ब्रह्मा जी के द्वारा आकाशवाणी हुई। राजन इसके लिए तुम्हें देवाधिदेव श्री सोमेश्वर नाथ महादेव जी (शंकर जी) की तपस्या करनी होगी। दूसरे में वह सामर्थ्य नहीं है, जो गंगा की वेगवती जलधारा को रोक ले। राजा भगीरथ शंकर जी की तपस्या में अटल भाव से लीन हो गये। मनमौजी स्वभाव के शंकर जी, भगीरथ की अचल तपस्या से प्रसन्न हो गये।
उमापति महादेव जी भगीरथ से बोले—“मैं तुम्हारी तपस्या से अति प्रसन्न हूँ, तुम जो चाहोगे, वही होगा।” भगीरथ बोले प्रभु! गंगा जी को आप अपने मस्तक पर धारण करने की कृपा करें। भगवान शंकर जी एवमस्तु कहकर अन्तर्धान हो गये। इधर राजा भगीरथ गंगा को स्वर्ग से उतारने के लिए फिर से गंगा की तपस्या में लीन हो गये। माँ-माँ होती है। गंगा जी अबकी बार अति प्रसन्न होकर बोली—“हे नरश्रेष्ठ” किसलिए तुम मेरी तपस्या में मगन हो? बोलो क्या चाहते हो? कुलदीपक बोले—“माँ! आप भुलोक में चलकर मेरे पितरों का उद्धार करें।”
गंगा जी ऐसा ही होगा, कहकर स्वर्ग से उतरी और अपने वेग से पाताल में जाने की बात सोच ही रही थीं कि शंकर जी की जटा में समाहित हो गयीं। वर्षों तक शंकर जी की जटा में उलझी-सुलझी रहीं, किन्तु बाहर निकलने का मार्ग नहीं पाकर तरंगे मारती रहीं। उधर राजा भगीरथ भी दृढ़ प्रतिज्ञ होकर भगवान शंकर की तपस्या में पुनः लीन हो गये। तत्क्षण प्रसन्न होने वाले औढ़रदानी शंकर जी राजा सगर के वंशजों के तारण हेतु हिमालय की शिखर पर बिन्दुसर में अपने जटा की एक लटा से गंगा को नीचे उतरने का मार्ग दिए। तत्पश्चात गंगा-कलकल-छलछल करती हुई हिमालय से उतरकर राजा भगीरथ के पीछे-पीछे दौड़ने लगी। राजेश जिस मार्ग से चलते, गंगा की धारा उसी मार्ग का अनुसरण करती हुई आगे बढ़ती। किन्तु हाय! चलते-चलते राजा भगीरथ उस स्थान पर पहुँच गये, जहाँ उन्हें नहीं जाना चाहिए था। अद्भुत कर्म करने वाले जाह्नवी ऋषि का आश्रम व यज्ञशाला क्षणभर में समाप्त हो गया। कुपित होकर मुनि गंगा के समस्त जल को उदरस्थ कर गये। गंगा का नामो-निशान समाप्त होने ही वाला था कि फिर भगीरथ की तपस्या गंगा को मुक्त कराने हेतु शुरू हो गयी। बहुत अनुनय-विनय के बाद ऋषिराज द्रवित हो गये व अपने दोनों कानों से गंगा के जल को बाहर निकलने का मार्ग दिए। तब से गंगा जाह्नवी सुता के नाम से प्रसिद्ध हो गयी। तत्पश्चात सगर पुत्रों का तारण करने बाद गंगा बंगाल की खाड़ी में गिरकर पाताल को चली गयी।
हरहर महादेव... हरहर गंगे। जय माँ गंगे।।