महिमा अरेराज की

अरेराज की महिमा न्यारी।
शिव विराजें, संग शैलकुमारी।।

अरेराज देवाधिदेव की सोमेश्वरनाथ महादेव जी की धर्मभूमि, देवभूमि, पुण्यभूमि व आदर्शभूमि है। इस भूमि की अपनी ख्याति है, प्रसिद्धि है व उत्कर्ष है। इस भूमि में वह शक्ति है, जो शून्य को भी समग्रता प्रदान करती है। यह अरेराज सदैव आध्यात्मिक सद्वृत्तियों का केन्द्र रहा है। यह धरती सदा-सर्वदा सोमेश्वरनाथ की जलधारा से सराबोर होती रही है। बिहार प्रदेश में ऐसा कोई धार्मिक स्थान नहीं है, जहाँ इतना अधिक सद्वृत्तियों का विकास हुआ है। यही कारण है कि यहाँ समय-समय पर अनेक ऋषि-मुनियों का यथा महर्षि वाल्मीकि, ऋषिराज मार्कण्डेय व मुनिश्रेष्ठ अगस्त जी इसके ज्वलंत उदाहरण रहे हैं।

शास्त्रों में वर्णित आख्यानों के आधार पर श्री राम अपनी भार्या जनकनन्दनी सीता के साथ त्रेता युग में, तो पाण्डव पुत्र युधिष्ठिर अपने भाइयों के साथ द्वापर में पधारे हुए थे। यहाँ शैव सम्प्रदाय, वैष्णव सम्प्रदाय व कबीरपंथियों का भी जमावड़ा होता रहा है। महात्मा कबीर के प्रधान शिष्य भगवान दास अरेराज से ही होकर चितामनपुर बढ़हवा मठ गये थे, जहाँ आज भी उनके अवशेष चिह्न उपस्थित हैं। इस तरह अरेराज प्राचीन काल से ही अपनी प्रसिद्धि की शिखर पर बुलंदी के साथ जगमगाता रहा है।

हाल के दिनों में हरहर महादेव का जयघोष अरेराज के वातावरण में दूध-मिश्री की तरह आपस में घुल-मिलकर एकाकार हो गया है। हरहर महादेव का जयकारा जीवन की मस्ती में हरियाली की सैर कराता है।

अरेराज सामाजिक समरसता का एक ऐसा गुलदस्ता है, जिसमें विभिन्न आकार-प्रकार के फूल एक साथ खिलकर अपनी-अपनी सुगंध से दिक्-दिगंत को सुभाषित कर रहे हैं। श्री सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर के शीर्ष का धर्मध्वज अनादिकाल से ही अपने देश की एकता, अखण्डता, सम्प्रभुता व स्वतंत्रता का अमर संदेश सुनाता रहा है। अरेराज की मिट्टी में ऊर्जा का अक्षय भंडार है। यहाँ की हवा में मलय पवन का सुगंध है, तो यहाँ के पानी में दूध की पौष्टिकता का आभास होता है।

पानी पीयब तबे बुझाई।
दूध के पीयल भोर पर जाई।।

यहाँ के कण-कण में शिवतत्व समाहित है। यहाँ विशिष्ट प्रकृति के लोग व कुष्ठरोगी स्वस्थ शरीर व निर्मल काया को लेकर अपने गंतव्य को प्रस्थान करते हैं। यह ईश्वरीय कृपा का चमत्कार नहीं तो और क्या है? भगवान सोमेश्वरनाथ महादेव जी के दरबार में दुनिया के सभी असम्भव कार्य संभव हो जाते हैं। उन्हीं की कृपा का फल होता है कि बाँझिन स्त्रियों की गोद में नवजात शिशु की किलकारियाँ सुनाई पड़ने लगती हैं। भिखारी पलक झपकते छत्रपति हो जाता है।

बाँझिन गोद भरे किलकारी। जय सोमेश्वर जय त्रिपुरारी।।

क्षण में रंक, नृप पद पावे। स्वर्णमुकुट सिर छत्र धरावे।।

इतना ही नहीं, अरेराज शिव मंदिर से दस किलोमीटर की रेडियस में मरने वाले सभी जीवों को शिवलोक की प्राप्ति होती है। यह निर्विवाद सत्य है। भगवान सोमेश्वरनाथ का दरबार साक्षात् मोक्ष का दरवाजा है। तभी तो इसे बिहार का काशी कहा जाता है।

हरहर महादेव! हरहर महादेव!!