ॐ नमः शिवाय

अरेराज अतीत से वर्तमान की ओर

सोमेश्वर की अमृत-धारा

अरेराज अतीत से वर्तमान की ओर

किसी भी स्थान का विकास और विस्तार सृष्टि की शाश्वत प्रक्रिया है। व्यक्ति हो अथवा स्थान, समय उसके रूप-रंग को सजाता और निखारता है। प्रकृति का यह चक्र निरन्तर चलता रहता है। फलस्वरूप वर्तमान का अरेराज अतीत के अरेराज का निखरता स्वरूप है। 2018 के पहले इसके प्रगति का चक्का थोड़ा थम सा गया था, किन्तु कोरोना काल के बाद बड़ी शीघ्रता से अरेराज अपने विकासात्मक कार्यों के सहारे अपनी ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। आशा ही नहीं, बल्कि पूर्ण विश्वास है कि यदि विकास की रफ्तार ऐसी ही बनी रही तो बिहार का एकमात्र श्रद्धा-भक्ति और विश्वास का यह यज्ञ केन्द्र श्री सोमेश्वरनाथ महादेव जी का यह मंदिर भारत के मानचित्र पर अपने को चिन्हित होने का दावा रखता है। आज के परिवेश में सम्पूर्ण मंदिर अपने-आप में मुस्कुराता है, हँसता है व गौरवान्वित हो रहा है। मंदिर का चप्पा-चप्पा आज नये लुक में अपनी सुन्दरता का प्रदर्शन कर रहा है।

आज आने वाले सोमेश्वरनाथ के भक्तों को मंदिर प्रांगण में प्रवेश करते ही उन्हें अलौकिक सुख की अनुभूति होने लगती है, तथा उनके मुख से अनायास ये शब्द निकल पड़ते हैं—हे प्रभु! अजब तेरी माया, गजब तेरी छाया। मंदिर में आँगन में जो सम्मानित पंडा-पुजारी यत्र-तत्र बैठे रहते थे, उन्हें स्थानीय प्रशासन व मंदिर प्रबन्धन की ओर एक तरफ सिलसिलेवार बैठाकर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया गया है। बिजली-पंखा, सेड, आसन की सुव्यवस्था से आज उनके मन में खुशी के लड्डू फूट रहे हैं।

शिव मंदिर से सटे उत्तर दिशा में शाकम्भरी पुरुषवाटिका में लगे तरह-तरह के अलभ्य फूलों की खुशबू से वहाँ का वातावरण मह-मह करने लगा है। पुष्प वाटिका के अग्रभाग में सुन्दर अति सुन्दर ध्यान मुद्रा में शंकर जी की मूर्ति देखते ही मन मयूर झूम उठता है। शंकर जी सदैव (फाउन्टेन) झरने के जल से तृप्त होते रहते हैं। यह दृश्य बड़ा ही मनमोहक व दर्शनीय लगता है। आने वाले भक्तजन अपने परिवार के साथ एक सेल्फी लेना नहीं भूलते। यह उनके जीवन का यादगार क्षण होता है। सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ठीक सामने के बाहरी हिस्से में नन्दी महाराज के विशालकाय शरीर का दर्शन होते ही किसी भी भक्त का रोमांच होना स्वाभाविक है। वे नन्दी को आगे से पीछे तक देखना नहीं भूलते, साथ ही उसके बनावट की प्रशंसा करते हुए अपनी गुहार भी लगाते हैं। परिसर के मध्य में गंगा का अवतरण अपने-आप में आकर्षण का दिलकश केन्द्र बना हुआ है। मूर्ति की सुन्दरता व उसकी कलाकृति को देखकर लगता है, “मूर्ति अब बोले या तब बोले।”

सोमेश्वर मंदिर का प्रवेश मुख्यद्वार उत्तर दिशा में अडिग मुद्रा में अपनी विशालता, भव्यता व दिव्यता का मिशाल है, जो अन्य देवस्थलों पर नहीं के बराबर है। प्रवेश द्वार से आगे बढ़ते ही श्रद्धालु भक्तों के पैर प्रक्षालन के लिए जल की सुविधा मुहैया कराई गई है, जहाँ दूर-दूर से आने वाले भक्त-मुँह-हाथ व पैर धोकर बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी देते हैं।

पूर्व श्रद्धेय ब्रह्मलीन महन्त शिव शंकर गिरि जी ‘महाराज’ जिनको अरेराज के जनक से सम्बोधित किया जाता है, उनके द्वारा निर्मित दो मंजिला धर्मशाला आये दिन पूरी मजबूती के साथ जीर्णोद्धार किया गया है, जहाँ ऊपर के मंजिल पर नल के द्वारा जल, साफ-सफाई की पूर्ण व्यवस्था व बिजली की रोशनी से अंधेरा भी भागा-भागा है। फलस्वरूप आज ऊपर से नीचे तक हजारों की संख्या में यात्री विश्राम करते हैं। धर्मशाला के ठीक बगल में तिलावे नदी के पश्चिमी तट के दक्षिण भाग में यात्रियों के लिए पी.आई.पी. स्नानागार, डिलक्स शौचालय व दर्जनों यूरिनल तथा स्त्री-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय का निर्माण शिवभक्तों के लिए वरदान साबित हो रहा है। तिलावे नदी के घाट पर रंगीन टाइल्स अपनी अद्भुत छटा बिखेर रहा है, जहाँ पहले गन्दगी फैली रहती थी, वहाँ अब स्वच्छता का साम्राज्य फैला हुआ है। रोशनी की चकाचक व्यवस्था से रात में ही दिन का आभास होने लगता है।

तिलावे नदी के घाट के बिल्कुल समीप में नन्हीं परी का जल किलोल देखकर कोई भी भक्त बिना वाह! वाह! किए अपने को रोक नहीं सकता। कुछ दर्शनार्थी तो घंटों बैठकर उसका लुत्फ उठाते नजर आते हैं। पार्वती मंदिर के दक्षिण दिशा में पार्वती सरोवर में वाटरबोट से जहाँ बच्चों का मनोरंजन होता है वहीं किशोर व वयस्क भी आनंद उठाने में बाज नहीं आते। पार्वती तालाब का जल श्रावणी मेला के पूर्व में ही उड़ाही करके साफ-स्वच्छ जल से परिपूर्ण कर दिया गया है। फलतः मेला में लाखों की संख्या में आने वाले शिव भक्तों को स्नान करने में गजब की आनंदानुभूति होती है। तालाब में वाटर बोट पर चढ़ना मस्ती सैर कराता है।

यहाँ प्रतिदिन सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर में संध्या सात बजे से रात्रि के 9 बजे तक श्रृंगार व खास-खास अवसरों पर महासृंगार का आयोजन होता है, वह अत्यन्त ही दर्शनीय महनीय होता है। जिसकी अभिव्यक्ति वाणी से संभव नहीं है। वेद-मंत्रों के उच्चारण, शंख व घंटाध्वनि के साथ-साथ हरहर महादेव का जयघोष यहाँ के मानव जीवन को जीवंतता प्रदान करता है। साथ ही मंदिर परिसर में यहाँ दैनिक शिवचर्चा, अष्टयाम, लखराँव, छठीहार, मुण्डन व अनेक प्रकार से हवनादि-यज्ञादि जैसे शुभकार्य होते ही रहते हैं। बाबा सोमेश्वरनाथ सदैव अपने भक्तों को शक्ति-भक्ति व निर्मलता का आशीर्वाद देते रहते हैं। देवाधिदेव की सोमेश्वरनाथ महादेव जी का दरबार साक्षात मोक्ष का दरवाजा है, जो सर्वदा सबके लिए खुला रहता है। इसलिए इसे बिहार का काशी कहा जाता है।

हरहर महादेव! सोमेश्वरनाथ की जय!!

वर्तमान के अरेराज को पुष्पित, पल्लवित व विकसित करने में अरेराज के माननीय अनुमंडल पदाधिकारी श्री संजीव कुमार जी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इन्हीं की कृपा का प्रभाव है कि आज अरेराज की 90 प्रतिशत शिवभक्त देवाधिदेव महादेव जी के महामंत्र के अनुगामी हो गये हैं। इस महामंत्र के साथ आज के तमाम पंडा-पुजारी, शिक्षक-छात्र, नगर व्यापारी, सुविज्ञ पंडित, स्त्री-पुरुष व नवजवान ध्वनि विस्तार यंत्र के साथ अपनी सुर-में-सुर मिला रहे हैं। सी.सी.टी.वी. कैमरे की निगरानी में सम्पूर्ण मेला परिसर के साथ-साथ मंदिर क्षेत्र को आसानी से देखा-परखा जा सकता है। मेले की साफ-सफाई, पेयजल का प्रबन्ध, रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था, अर्घ्य के माध्यम से जलाभिषेक की सुविधा तथा आवागमन को सुगम बनाना जैसे अनछुए पहलुओं पर ध्यान देकर उनको शिखर तक पहुँचाना, मानवता की सच्ची सेवा है।

यही आपके जीवन का उद्देश्य रहा है। आपका हर कदम स्वागत योग्य है। आप एक कुशल प्रशासनिक पदाधिकारी ही नहीं, आध्यात्मिक महानुभाव भी हैं। आपके ऊपर भगवान की असीम कृपा है, जो सर्वदा बनी रहेगी।

इति शुभम्।

हंस व्यक्तित्व के निर्मल पुरुष, स्वच्छ छवि के अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक (डी.एस.पी.) साहेब माननीय श्री रंजन कुमार सिंह जी का जब से यहाँ आगमन हुआ है, एक नयी बात देखने-सुनने को मिली। अनुमंडल क्षेत्र के सभी असामाजिक तत्व इलाका छोड़कर पलायन कर गये, या वे अपने जीविका की खोज में छोटे-मोटे रोजगार में लग गये। फलतः आज पूरा अनुमंडल क्षेत्र चैन की नींद सो रहा है। इतना ही नहीं आज के परिवेश में किसी की हिम्मत नहीं, जो अपने पॉकेट में हाथ लगाकर आपसे अपनी आँख मिला सके। फलतः आपकी चारों तरफ जय-जयकार है। न्याय के पक्षधर और अन्यायियों के यमराज हैं। आप समाज के सजग प्रहरी हैं। चौबीसों घंटे टेलीफोन (मोबाइल) की घंटी बजते ही गंतव्य की ओर आपके चपल चरण निकल पड़ते हैं। स्थिति का मूल्यांकन और उत्पन्न समस्याओं का निराकरण आपके बायें हाथ का खेल है। भगवान सोमेश्वरनाथ महादेव जी आपके ईमानदार और स्वच्छ छवि को सदैव चमकृत रखें। यही शुभकामना है। किसी भी घटना की गहराइयों तक पहुँचकर उसकी सच्चाई का पता लगाना कोई आप से सीखे।

इति शुभम्।
हरहर महादेव।

गोविन्द गंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र चौदह के सम्मानित विधायक, जन-जन के नेता सबके चेहता। माननीय सुनील मणि तिवारी जी का यह कथन कि परहित सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। मानवता की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा व भक्ति शक्ति है। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर आपके द्वारा उठाये गये कदमों की सराहना आज चर्चा का विषय बना है, जो जनमानस में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है।

ज्ञातव्य—आपकी योजनाओं में प्राथमिकता के आधार पर—
(1) सोमेश्वरनाथ महादेव के चाहरदिवारी का निर्माण, जिसका शिलान्यास हो चुका है।
(2) वृद्धा आश्रम का निर्माण। जिस कार्य हेतु जमीन की खोज।
(3) सामूहिक विवाह भवन की स्थापना और
(4) तिलावे नदी के ऊपर धनुषाकार पुल का निर्माण।
ये आपके अमरकृति के स्तंभ होंगे।

हरहर महादेव! हरहर महादेव!!